Hindi

भगिनी निवेदिता महाविद्यालय का हिन्दी विभाग वर्ष 1993 से निरंतर शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं विभागीय प्रगति की दिशा में अग्रसर है। वर्ष 1994 से महाविद्यालय में बी.ए. (ऑनर्स) हिन्दी पाठ्यक्रम का संचालन प्रारम्भ हुआ। विभाग की साहित्यिक सोसाइटी साहित्य सभा – सृजन’ छात्राओं के बहुमुखी एवं सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग शिक्षण के साथ-साथ वर्ष भर विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं कौशल-आधारित गतिविधियों, जैसे वाचन, लेखन, वाद-विवाद, अभिनय, रचनात्मक लेखन तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है, जिनमें छात्राएँ उत्साहपूर्वक भाग लेती हैं।

रोजगार के अवसर

बी.ए. (ऑनर्स) हिन्दी पाठ्यक्रम पूर्ण करने के पश्चात विद्यार्थी विभिन्न मंत्रालयों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, बैंकों तथा अन्य संगठनों में हिन्दी अधिकारी, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अनुवादक, सामग्री लेखक (Content Writer), संपादक तथा संचार विशेषज्ञ के रूप में कार्य कर सकते हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे अध्यापन एवं शोध के क्षेत्र में प्राध्यापक, शोधकर्ता तथा विषय-विशेषज्ञ के रूप में भी अपना योगदान दे सकते हैं। वैश्विक स्तर पर हिन्दी की बढ़ती लोकप्रियता के कारण बहुराष्ट्रीय कंपनियों, मीडिया संस्थानों, प्रकाशन उद्योग तथा भाषा-आधारित सेवाओं में हिन्दी विशेषज्ञों की मांग निरंतर बढ़ रही है।

 

विभाग की उपलब्धियाँ

हिन्दी विभाग के अनेक पूर्व विद्यार्थी आज दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्यापन कार्य से जुड़े हुए हैं। विभाग के पूर्व छात्र-छात्राएँ बैंकिंग, फैशन डिज़ाइनिंग, पुलिस सेवा, एनसीसी तथा अन्य विविध क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्यरत हैं।

विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण यह है कि विभाग की एक छात्रा ने दिल्ली विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अर्जित किया। यह उपलब्धि विभाग की उत्कृष्ट शिक्षण परंपरा एवं विद्यार्थियों की अकादमिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

Courses Offered/ Taught

बी.ए. (ऑनर्स) हिन्दी: इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा, उसकी लिपि, विकास-यात्रा, साहित्य एवं साहित्येतिहास का गहन अध्ययन कराया जाता है। हिन्दी भारत की राजभाषा होने के साथ-साथ देश में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में हिन्दी भाषा एवं साहित्य की सम्यक् समझ विकसित करने के साथ-साथ उनके लिए विविध रोजगारपरक अवसरों के द्वार भी खोलता है।

जनरल इलेक्टिव (GE): हिन्दी विभाग बी.ए. प्रोग्राम एवं बी.कॉम. प्रोग्राम के विद्यार्थियों को जनरल इलेक्टिव (GE) के अंतर्गत उनकी पूर्व शैक्षिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त पाठ्यक्रमों का चयन करने की सुविधा प्रदान करता है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा एवं साहित्य का आधारभूत ज्ञान प्राप्त होता है।

 

एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (AEC): AEC के अंतर्गत विभाग महाविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को हिन्दी संप्रेषण, संचार, तकनीकी हिन्दी तथा लेखन-कौशल से संबंधित विषयों का अध्ययन कराता है। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों की भाषिक दक्षता, अभिव्यक्ति क्षमता तथा व्यावसायिक संचार कौशल का विकास करना है। तकनीकी एवं डिजिटल क्षेत्रों में हिन्दी के बढ़ते प्रयोग को देखते हुए ये पाठ्यक्रम रोजगार की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी हैं।

 

स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (SEC): SEC के अंतर्गत विद्यार्थियों को रचनात्मक लेखन, पटकथा लेखन, रंगमंच एवं अन्य कौशल-आधारित विषयों का अध्ययन कराया जाता है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, प्रस्तुति-कौशल एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहन मिलता है तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने और निखारने का अवसर प्राप्त होता है।

 

वैल्यू एडिशन कोर्स (VAC): वैल्यू एडिशन कोर्स के अंतर्गत हिन्दी विभाग ‘साहित्य, संस्कृति और सिनेमा’, ‘सृजनात्मक लेखन’ तथा ‘भारतीय भक्ति परंपरा और मानव मूल्य’ जैसे विषयों का अध्यापन करता है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, श्रेष्ठ साहित्य, उत्कृष्ट सिनेमा एवं मानवीय मूल्यों की समझ विकसित करने का अवसर मिलता है। साथ ही उनमें सृजनात्मक दृष्टि और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास होता है।

 

 

Copyrights © 2018 Bhagini Nivedita College – University of Delhi. All rights reserved. >